पिथौरागढ़ में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ, यू-विन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा टीकाकरण, जनप्रतिनिधियों ने किया आह्वान

पिथौरागढ़। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ शुक्रवार प्रातः 11 बजे महिला अस्पताल के सभागार में विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, सांसद अजय टम्टा, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल तथा प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भगीरथी गर्बयाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।

इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर (राजस्थान) से ऑनलाइन माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन कुल छह बालिकाओं—खुशी, आरोही चंद, भूमिका धामी, हर्षिता मेहता, ज्योत्स्ना और जागृति पाण्डेय—को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगी वैक्सीन

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि यह वैक्सीन विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाई जा रही है। इससे उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जनप्रतिनिधियों ने की अपील

जनप्रतिनिधियों ने इसे बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को व्यापक जनजागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की पूरी तैयारी

स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। महिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। विभाग का लक्ष्य है कि निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाए।

कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा अभिभावक भी मौजूद रहे। अंत में सभी ने पिथौरागढ़ जनपद को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने के लिए अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->