बेरीनाग में थाना दिवस में व्यापारियों ने उठाईं जाम और सड़क सुरक्षा की समस्याएं

बेरीनाग। बेरीनाग कोतवाली में शुक्रवार को थाना दिवस का आयोजन प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की।

थाना दिवस में व्यापारियों ने बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा तेज गति से बाइक चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा उडियारी बैंड-थल मोटर मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण दुर्घटना की आशंका जताते हुए झाड़ियों की सफाई कराने तथा राईआगर-कोटमन्या मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठाई।

इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिना लाइसेंस भांग की खेती करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी।

कोतवाल ने मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने, अवैध खनन एवं अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, महासचिव अमित सस्ते, दीपक कालाकोटी, मनोज शाह, मनीष पंत, अशोक पंत, मोहित, मनजीत सिंह, हरीश सिंह, एलआईयू प्रभारी विश्वराज, राकेश मेहरा, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, नरेंद्र मेहता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

दूरस्थ क्षेत्रों में कंप्यूटर शिक्षा का प्रसार जरूरी : चुफाल

अटल आदर्श विद्यालय जौरासी में आयोजित समारोह में विधायक ने किया कंप्यूटर लैब व पुस्तकालय का निरीक्षण

डीडीहाट (बेरीनाग)। विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए कंप्यूटर शिक्षा का व्यापक प्रसार जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक से लैस संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग कर अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में आयोजित समारोह में विधायक ने श्री बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर लैब, क्यान सिस्टम, स्मार्ट क्लास एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं से इन आधुनिक संसाधनों का लाभ उठाने की अपील की।

विद्यालय में क्यान सिस्टम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। श्री बालकदेव फाउंडेशन के अध्यक्ष शंकर सिंह भाटिया ने बताया कि सीएसआर मद से विद्यालय में आधुनिक कंप्यूटर लैब एवं पुस्तकालय स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि क्यान सिस्टम के साथ ही स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक विशन सिंह चुफाल द्वारा विद्यार्थियों के लिए कुर्सियों एवं स्मार्ट क्लास के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी।

समारोह में मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने मर्म चिकित्सा के माध्यम से सामान्य एवं असाध्य रोगों के उपचार की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल अपराध, दहेज उत्पीड़न, मोबाइल के दुरुपयोग एवं यौन अपराधों की रोकथाम को लेकर भी जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य आरके सिंह ने किया। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक बोरा, प्रधान प्रतिनिधि दुर्लेख, प्रधान लीमा, कुंदन सिंह भाटिया, बलवंत सिंह बोरा, जगत सिंह भाटिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

!-- Google tag (gtag.js) -->