Nitin Nabin: प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बाद अब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संभाला मोर्चा, उत्तराखंड में चुनावी तैयारी तेज

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लगातार उत्तराखंड दौरों के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी देवभूमि पहुंच चुके हैं। भाजपा ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीतिक तैयारियों को और तेज कर दिया है। नितिन नवीन का यह तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

देहरादून पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया। भाजपा कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, महापौरों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन की जमीनी स्थिति, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी चुनौतियों पर फीडबैक लिया जाएगा। भाजपा नेतृत्व का फोकस कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर बूथ स्तर तक पार्टी को और मजबूत बनाना है।

भाजपा के भीतर इस दौरे को “मिशन 2027” की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में हालिया जीत के बाद पार्टी अब उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अपनी चुनावी तैयारियों को नए सिरे से धार देने में जुटी है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि लगातार जनसंपर्क, संगठनात्मक मजबूती और सरकार की योजनाओं के दम पर भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूरी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों और कार्यकर्ता संवाद में हिस्सा लेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के साथ-साथ आगामी चुनावों के लिए स्पष्ट दिशा तय करेगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->