रुद्रप्रयाग में अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 65 छापेमारी में 59 लीटर शराब बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग, 29 मई 2026।
जनपद रुद्रप्रयाग में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लगातार छापेमारी, वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आबकारी विभाग की टीमें जनपद के तीनों विकासखंडों में होटल, ढाबों तथा आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही हैं। इसके साथ ही शिकायतों के आधार पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई से 29 मई तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभाग ने कुल 65 छापेमारी अभियान संचालित किए। इस कार्रवाई में 59 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जबकि अवैध कारोबार में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शराब के नेटवर्क को खत्म करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और चेकिंग अभियान को लगातार और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर तीनों ब्लॉकों में प्रतिदिन नियमित जांच अभियान जारी है और आगे भी यह कार्रवाई निरंतर चलती रहेगी।

जिला आबकारी अधिकारी ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

— जिला सूचना कार्यालय, रुद्रप्रयाग

!-- Google tag (gtag.js) -->