एनसीसी कैडेटों को दिया संस्थागत प्रशिक्षण, अनुशासन और देशसेवा का दिलाया संकल्प

डुंडा। राजकीय इंटर कॉलेज कांवा एट हाली, डुंडा में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों का संस्थागत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान चयनित छात्रों को अनुशासन, एकता और देशसेवा की भावना के साथ सैन्य सेवाओं में भर्ती की तैयारियों के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

कैडेटों को ड्रिल के साथ ही हथियारों से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट राजेंद्र प्रसाद नौटियाल ने कैडेटों को एनसीसी के लाभों की जानकारी देते हुए देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य धर्मानंद नौटियाल ने कैडेटों से अनुशासन का पालन करते हुए समाज में अपनी अलग पहचान बनाने तथा सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कैडेटों को सेना में अधिकारी बनने के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर सेना के हवलदार होशियार सिंह और मुकेश सिंह ने कैडेटों को ड्रिल का प्रशिक्षण दिया। वहीं, डॉ. राजेश जोशी ने कैडेटों को जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने तथा देशहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

!-- Google tag (gtag.js) -->