पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने टिहरी जिले में तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत जिलेभर में सेवा, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ सेवा एवं जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन भी जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, मंदिरों में पूजा-अर्चना सहित अन्य सेवा कार्य किए जाएंगे। वहीं, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रत्येक कार्यकर्ता के घर में ‘आशीर्वाद का एक दीप’ जलाया जाएगा।
इसके बाद छात्रों के साथ संवाद, रंगोली, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, लाभार्थी संपर्क, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 11 संयोजक बनाए गए हैं। इसके अलावा मंडल और बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीष राणा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष तौफीक अहमद, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार, सुमित रावत, प्रमोद रमोला आदि मौजूद रहे।
