पंचायत कार्यालय में बैठने की व्यवस्था और विकास कार्यों में सहभागिता की मांग
जिला संवाददाता
सितारगंज। ग्राम पंचायतों के कामकाज में उपप्रधानों की भूमिका को प्रभावी बनाने की मांग को लेकर उपप्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सितारगंज को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने पंचायत कार्यालय में बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने के साथ विकास कार्यों, वार्षिक कार्ययोजना और भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं में नियमानुसार सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग की।
उपप्रधानों ने मांगपत्र में कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन कई मामलों में उन्हें आवश्यक जानकारी और निर्णय प्रक्रिया में पर्याप्त सहभागिता नहीं मिल पाती। उन्होंने पंचायत कार्यालय में उपप्रधानों के बैठने के लिए उचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने से पहले उपप्रधानों से विचार-विमर्श किया जाए और उनके सुझावों को नियमानुसार कार्ययोजना में शामिल किया जाए। साथ ही पंचायत में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी समय से उपलब्ध कराने, कार्यों की प्राथमिकता तय करने और उनकी प्रगति की समीक्षा में उपप्रधानों की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए उपप्रधानों ने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित भुगतान की आवश्यक जानकारी उन्हें नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। जिन मामलों में नियमों के अनुसार उनकी सहमति अथवा अनुमोदन आवश्यक है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपप्रधानों ने पंचायत बैठकों, विकास योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की सूचना समय से उपलब्ध कराने के साथ ही अपने वैधानिक अधिकारों एवं दायित्वों के अनुरूप कार्य करने का अवसर देने की मांग की। उन्होंने बीडीओ से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
मांगपत्र सौंपने वालों में बलबीर सिंह, नीरज सिंह, कमलदीप सिंह, नन्द लाल, कृष्ण सिंह, मो. नवाजिश, राशिद खान, परमजीत सिंह, बक्शीश सिंह, अरविंद कुमार और बिमला देवी सहित अन्य उपप्रधान मौजूद रहे।
