विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

 

पुरोला। मोरी विकासखंड के सेवा गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जर्जर विद्युत लाइन के कारण एक माह के भीतर हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों के खच्चरों की मौत हो गई, जबकि दोनों पशुपालक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पुरोला मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को सेवा गांव निवासी दिवान चंद करंट की चपेट में आकर घायल हो गए थे, जबकि उनका एक खच्चर मौके पर ही मर गया। घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई और 21 जुलाई को लिखित शिकायत देकर जर्जर लाइन को दुरुस्त करने तथा पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की गई, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते 3 अगस्त को उसी स्थान पर एक और बड़ा हादसा हो गया। इस बार देशराज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके तीन खच्चरों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। ग्रामीणों ने घायल को डंडी-कंडी के सहारे मोरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की लिखित सूचना देने के बावजूद देर रात तक विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा पिछले एक-दो वर्षों से सेवा गांव के उपभोक्ताओं को नियमित बिजली बिल जारी न किए जाने से भविष्य में एकमुश्त बिल का आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका भी जताई गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, उपचार सहायता और गांव की विद्युत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सेवा गांव के ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के साथ पुरोला तहसील में धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान कमला देवी, निशा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन: एसडीएम पुरोला को ज्ञापन सौंपते सेवा गांव के ग्रामीण।

!-- Google tag (gtag.js) -->