विकासनगर। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025’ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत कुल्हाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से करीब 37 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है, तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया।
कुल्हाल चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर राजीव रौथाण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार रात करीब 8:05 बजे ग्राम कुंजा ग्रांट में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुस्कान (21 वर्ष), पत्नी सोनू, निवासी कुंजा ग्रांट, के घर से 37 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसने स्मैक एक स्थानीय महिला से खरीदी थी। वह अधिक मुनाफे के लालच में अपने घर पर ही स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचती थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर स्मैक उपलब्ध कराने वाली महिला के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत जांच शुरू कर दी गई है। पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
