पुरोला। क्षेत्र में भारी वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों को हुए व्यापक नुकसान के बाद मोरी, पुरोला और नौगांव के किसानों ने सोमवार को प्रकाश कुमार के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि हाल की आपदा से सेब, टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य नगदी फसलें तथा धान की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है और अनेक परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
किसानों ने मांग की कि राजस्व, कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कराया जाए तथा एसडीआरएफ के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन में किसान पहचान संख्या (Farmer ID) बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने कीe भी मांग की गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत किसान अभी तक फार्म रजिस्ट्री से वंचित हैं, जिसके कारण वे सरकारी योजनाओं और राहत का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
इसके अलावा किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की किस्तें स्थगित करने, ब्याज माफ करने तथा आगामी फसल सीजन के लिए रियायती अथवा निःशुल्क बीज एवं खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
प्रकाश कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के किसानों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यदि समय पर राहत और सहायता नहीं मिली तो हजारों किसान गंभीर आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की।
ज्ञापन पर प्रकाश कुमार, नेपाल सिंह, प्रदीप कलूड़ा, प्रेम लाल, विनोद, सुरति राम, दुर्गू लाल, चतरिया सहित कई किसानों के हस्ताक्षर हैं।
