स्वर्गीय सौरभ भट्ट की पुण्य जयंती पर बैडमिंटन टूर्नामेंट सीजन-3 का भव्य समापन, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

उत्तरकाशी, 29 जुलाई। स्वर्गीय सौरभ भट्ट की पुण्य जयंती के अवसर पर सौरभ फाउंडेशन द्वारा आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट सीजन-3 का मंगलवार को उत्साह, खेल भावना और सामाजिक संदेश के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा “नशे को ना, खेल और जिंदगी को हाँ” का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना रहा।

समापन दिवस पर खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैन्स डबल्स के फाइनल मुकाबले में जितिन एवं विभोर सेमवाल की जोड़ी का सामना जितेंद्र एवं विजय राणा से हुआ। रोमांचक मुकाबले में जितेंद्र एवं विजय राणा ने 21-17 और 21-14 से शानदार जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

मैन्स सिंगल्स के फाइनल में डॉ. बी.एस. पांगती (डिप्टी सीएमओ) और मोहित राणा आमने-सामने रहे। बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में मोहित राणा ने 21-18 और 21-19 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

अंडर-15 वर्ग में वानिज डंगवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि गर्ल्स डबल्स वर्ग में स्वस्ति और स्नेहा की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि बिनजोला तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार किशोर भट्ट रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन माधव जोशी, महावीर चौहान (सभासद), संतोष सकलानी एवं श्रीमती किरन रावत (यूकेडी) उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सौरभ फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश भट्ट, संरक्षक विजय प्रकाश भट्ट, मनीष पंवार (सभासद), जसपाल चौहान, नीरज पंवार, गौतम पंवार, कार्तिक, सूरज, जयवीर, अनुराग, आदर्श, रोहित, प्रियांशु, मुकुल, अंशुमान, स्वस्ति, स्नेहा, प्राप्ति, आराध्य सहित फाउंडेशन के सदस्य, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने सौरभ फाउंडेशन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ समाज के निर्माण की मजबूत नींव भी रखते हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->