उत्तरकाशी/बड़कोट, 8 जून। विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (सीजीआरएफ), उत्तरकाशी द्वारा बड़कोट डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लो-वोल्टेज, अनियमित विद्युत आपूर्ति, अधिक बिलिंग, नए कनेक्शन, पोल शिफ्टिंग एवं मीटर परिवर्तन सहित कुल 67 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
धारी एवं कफनौल क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बरनीगाड़ सब स्टेशन से जुड़े गांवों में अनियमित रोस्टिंग और बार-बार बिजली कटौती की शिकायत दर्ज कराई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर सब स्टेशन में तैनात जिम्मेदार अधिकारी से संपर्क करना मुश्किल हो जाता है और शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पाता।
धारी क्षेत्र के राकेश इंद्रवान, प्रेम सिंह राणा, नेत्रमणि डोभाल, अजय राणा सहित अन्य उपभोक्ताओं ने मंच के समक्ष कहा कि घंटों बिजली गुल रहने के बावजूद शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। मंच ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा उपभोक्ताओं को टोल-फ्री नंबर 1912 एवं ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
शिविर के दौरान प्रधान रीना बहुगुणा, सौरभ सिंह, सूरत सिंह पंवार, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने गैर मुगरसंती एवं आसपास के तोकों में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याएं उठाईं।
सरनौल में आयोजित शिविर में नीलांबर सेमवाल, दिनेश सेमवाल और जगमोहन राणा सहित कई उपभोक्ताओं ने लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। वहीं रणवीर सिंह, सुरेश जुड़ियाल, विजय सिंह और रमेश सिंह ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई।
उधर, पुरोला उपखंड के गुंदियाट गांव में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने बढ़ती आबादी और उपभोक्ताओं की संख्या के कारण विद्युत व्यवस्था पर बढ़ते दबाव का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान राजेश प्रसाद एवं शंभू प्रसाद ने बताया कि गुंदियाट, कंडियाल, पौरा, वेस्टी और महर गांव में वर्तमान ट्रांसफार्मर की क्षमता पर्याप्त नहीं रह गई है, जिससे लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की।
शिविर में मंच के तकनीकी सदस्य भूपेंद्र कनेरी, उपभोक्ता सदस्य संतोष भट्ट तथा न्यायिक सदस्य प्रेम सिंह भंडारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया और उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं शिकायत निवारण प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बड़कोट अजय सेमवाल, उपखंड अधिकारी पुरोला रोबिन सिंह सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
