देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड ने बीते वर्षों में विकास और सुशासन की नई पहचान स्थापित की है, जो देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ने इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, कनेक्टिविटी और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य की जनता के सहयोग और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और आने वाले समय में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं। साथ ही, राज्य में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
चार वर्षों के इस कार्यकाल को लेकर सरकार ने अपनी उपलब्धियों का एक विस्तृत रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और उनके सकारात्मक प्रभावों को दर्शाया गया है।
प्रदेश में सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विकास कार्यों की झलक के साथ भविष्य की योजनाओं का भी खाका प्रस्तुत किया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धामी सरकार का यह कार्यकाल विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर उभरा है।
