उत्तराखंड के 15 पत्रकारों का दल उड़ीसा में करेगा केंद्र सरकार की योजनाओं का अवलोकन

देहरादून/भुवनेश्वर।
प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित उड़ीसा प्रेस टूर के तहत उत्तराखंड के 15 सदस्यीय पत्रकारों का दल रविवार को देहरादून से उड़ीसा पहुंच गया है। इस दौरे का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर अवलोकन कराना है।

इस प्रतिनिधिमंडल में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया के साथ-साथ स्वतंत्र पत्रकार भी शामिल हैं, जो उड़ीसा में संचालित राष्ट्रीय महत्व की विभिन्न परियोजनाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। यह पहल PIB की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसके माध्यम से सरकारी नीतियों और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को मीडिया के जरिए आम जनता तक पहुंचाया जाता है।

इन प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण
पत्रकारों का दल अपने दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण संस्थानों और विरासत स्थलों का भ्रमण करेगा, जिनमें शामिल हैं:

सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ फिशरीज एंड एक्वाकल्चर, भुवनेश्वर

सेंट्रल राइस रिसर्च इंस्टिट्यूट, कटक

पारादीप पोर्ट

कोणार्क हेरिटेज साइट

इसके अतिरिक्त, दल नंदनकानन प्राणी उद्यान, जगन्नाथ पुरी और रघुराजपुर हेरिटेज गांव का भी दौरा करेगा। रघुराजपुर गांव अपनी पारंपरिक कला और हस्तशिल्प के लिए देश-विदेश में विख्यात है, जहां लगभग हर घर में पीढ़ियों से कलाकार अपनी पारंपरिक कला को जीवित रखे हुए हैं।

पत्रकारों को मिलेगी योजनाओं की गहन जानकारी
प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर एवं सहायक निदेशक, PIB देहरादून, श्री संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि यह दौरा पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उन्हें योजनाओं की वास्तविक स्थिति, प्रगति और उनके सामाजिक प्रभाव को समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से पत्रकार औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों की सटीक और गहन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिसे वे प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचा पाएंगे।

दौरे की शुरुआत उड़ीसा के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट के साथ होगी, जिसके बाद विभिन्न परियोजना स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान पत्रकारों को केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।

यह पहल मीडिया को तथ्यात्मक और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम जनता तक सही और विश्वसनीय सूचनाएं पहुंच सकेंगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->