उत्तरकाशी,
उत्तरकाशी पुलिस की सक्रियता के चलते कई लोगों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। पुलिस अधीक्षक (SP) उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम ने करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।
कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइल फोन आज 11 मार्च 2026 को पुलिस कार्यालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम में उनके स्वामियों को सौंपे गए। अपने खोए फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
इस अवसर पर एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल गुम होने की कई शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिनकी रिकवरी के लिए प्रत्येक थाना और साइबर स्टेशन पर विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का मोबाइल फोन खो जाता है, वे CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अपने मोबाइल को ट्रेस करवा सकते हैं। इसके लिए मोबाइल का बिल, पहचान पत्र और मिसिंग रिपोर्ट जैसे दस्तावेज आवश्यक होते हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आजकल कई आपराधिक घटनाएं मोबाइल फोन के माध्यम से भी हो रही हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी व्यक्ति से पुराना मोबाइल खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें और हमेशा भरोसेमंद दुकान से ही मोबाइल खरीदें। नया मोबाइल खरीदने के बाद उसका बिल और IMEI नंबर सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भावना कैंथोला और निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल सहित पुलिस के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
