चिन्यालीसौड़,
नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के लिए निबंध प्रतियोगिता, स्वच्छता चित्रकला प्रतियोगिता तथा स्वच्छता शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली और अधिशासी अधिकारी वीरेन्द्र पंवार के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वच्छता से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सूखा और गीला कचरा अलग करने, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने, तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने जैसे विषयों को अपने चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
चित्रकला प्रतियोगिता
प्रथम स्थान – देवांश नौटियाल (बिरजा प्राइमरी स्कूल)
द्वितीय स्थान – अर्पित चौहान
तृतीय स्थान – वैष्णवी बडोनी (मॉडल स्कूल, बड़ेथी)
निबंध प्रतियोगिता
प्रथम स्थान – आदित्य नेगी (बिरजा प्राइमरी स्कूल)
द्वितीय स्थान – आरुषि नौटियाल (राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, बड़ेथी)
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली और अधिशासी अधिकारी वीरेन्द्र पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी से शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने लोगों को खुले स्थानों और नालों में कचरा न फेंकने, डोर-टू-डोर कलेक्शन में सहयोग करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, गीले कचरे से होम कम्पोस्ट बनाने तथा प्लास्टिक के उपयोग से बचने की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया।
