त्यूनी में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप 50 मीटर गहरी खाई में गिरी, एक की मौत; एक घायल

त्यूनी। रविवार सुबह पुरटाड रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही थाना त्यूनी के थानाध्यक्ष कुलदीप शाह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि पिकअप वाहन सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ था।

इसके बाद पुलिस, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीम ने वाहन के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान वाहन के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हालत में बरामद हुआ। घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी पहुंचाया गया।

मृतक की पहचान खजान दास (लगभग 40 वर्ष) पुत्र दुर्भी लाल, निवासी ग्राम सुनकुंडी, तहसील मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

वहीं, हादसे में घायल रविन लाल (34 वर्ष) पुत्र वीर सिंह, निवासी ग्राम सूचानु, पोस्ट ऑफिस नेटवाड़, तहसील मोरी, जिला उत्तरकाशी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी में उपचार किया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।

पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से घटनास्थल पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के वाहन में फंसे होने या आसपास मौजूद होने की जानकारी नहीं मिली। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

!-- Google tag (gtag.js) -->