टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन तेज, जन आक्रोश रैली के बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू

नई टिहरी। जिला मुख्यालय के समीप ईणिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर टिहरी में आंदोलन अब तेज हो गया है। रविवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में बौराड़ी स्टेडियम से मोलधार, गीता भवन होते हुए गणेश चौक तक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य जन आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शामिल होकर मेडिकल कॉलेज की मांग के समर्थन में आवाज बुलंद की।

रैली के समापन के बाद संघर्ष मोर्चा ने गणेश चौक, बौराड़ी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। आंदोलन के पहले दिन नागरिक मंच के 10 सदस्य धरने पर बैठे। वहीं, व्यापारियों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए टिहरी शहर में प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखे।

16 दिन बाद भी निर्णय नहीं होने से बढ़ा आक्रोश

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर संघर्ष मोर्चा इससे पहले 31 जुलाई को श्रीदेव सुमन पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक जन आक्रोश रैली निकाल चुका है। इसके बाद नई टिहरी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया गया। साथ ही श्रीदेव सुमन पार्क में सत्याग्रह आंदोलन भी शुरू किया गया।

संघर्ष मोर्चा का कहना है कि आंदोलन शुरू हुए 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार और जिला प्रशासन की ओर से मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते रविवार को दोबारा जन आक्रोश रैली निकालकर आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का ऐलान किया गया।

नागरिक मंच के 10 सदस्य धरने पर बैठे

अनिश्चितकालीन धरने के पहले दिन नागरिक मंच के चंडी प्रसाद डबराल, कमल सिंह महर, नरोत्तम जखमोला, डॉ. यूएस नेगी, कर्म सिंह तोपवाल, जगजीत सिंह नेगी, भगवान चंद रमोला, किशोरी लाल चमोली, त्रिलोक चंद रमोला और भगवानदेई तोपवाल धरने पर बैठे।

‘जिला मुख्यालय के समीप मेडिकल कॉलेज की स्थापना जरूरी’

संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. भूषण गोदियाल ने कहा कि टिहरी जिला मुख्यालय के समीप मेडिकल कॉलेज की स्थापना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में दो मुख्यमंत्रियों की ओर से ईणिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय भी लगातार ईणिया में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग करते रहे हैं। डॉ. गोदियाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से मेडिकल कॉलेज को गजा क्षेत्र में स्थापित करने की बात कहे जाने से टिहरी और नरेंद्रनगर के बीच विभाजन की स्थिति पैदा हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार टिहरी जिला मुख्यालय के समीप मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संघर्ष मोर्चा ने क्रमिक अनशन और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाने की भी चेतावनी दी है।

व्यापारियों समेत विभिन्न संगठनों का मिला समर्थन

आंदोलन को व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि संगठनों का भी समर्थन मिला। व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत और बौराड़ी व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण सहित बड़ी संख्या में व्यापारी आंदोलन में शामिल हुए और प्रतिष्ठान बंद रखकर अपना समर्थन जताया।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जीतराम भट्ट, शांति प्रसाद भट्ट, राकेश राणा, विजय गुनसोला, महिपाल सिंह नेगी, दर्शनी रावत, शकुंतला नेगी, आशा रावत, सीमा कृषाली, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, लखबीर सिंह चौहान, ममता उनियाल, अनुसूया प्रसाद नौटियाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब अनिश्चितकालीन धरने के साथ नए चरण में प्रवेश कर गया है। संघर्ष मोर्चा ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है और कहा है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->