सीएमओ कार्यालय व जनऔषधि केंद्र में दीप प्रज्ज्वलन, जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण और श्याम स्मृति वन में हुआ पौधरोपण

सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया सेवा संकल्प अभियान

उत्तरकाशी, 17 सितंबर। जिलाधिकारी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा, स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर एवं जनऔषधि केंद्र, उत्तरकाशी में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यस्थल और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बीएस रावत के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने सेवा, संवेदना और मानवीय सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

फल वितरण के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरुणावत पर्वत स्थित श्याम स्मृति वन में पौधरोपण किया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से स्थापित वाटिका में पौधे रोपे गए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तरकाशी के संकल्प को मजबूत करने के साथ ही पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी जोर दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।

पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, प्रमुख अधीक्षक डॉ. बीएस रावत, डॉ. एचके यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएस पोखरियाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश राय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम हरदेव राणा, जिला आईईसी मैनेजर अनिल बिष्ट सहित श्याम स्मृति वन के अध्यक्ष एवं पर्यावरण प्रेमी प्रताप पोखरियाल, संरक्षक सुमन नौटियाल, द्वारिका प्रसाद नौटियाल, मुरारी पोखरियाल, गिरीश पोखरियाल आदि मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->