पत्नी से संबंध होने के शक में अमन की हत्या का आरोप, नामजद आरोपी गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद

जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई अमन ठाकुर (29) की हत्या के मामले का नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बताया जा रहा दुपट्टा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से संबंधित मकान में रह रहा था।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस की गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को आरोपी निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।

पत्नी से संबंध होने का था शक

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अमन पर अपनी पत्नी के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी और अमन से विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर जवाहर नगर स्थित मस्ता टेंट हाउस से घटना में प्रयुक्त बताया गया दुपट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने का आपराधिक इतिहास भी बताया है।

नोट: हत्या के कारण और आरोपी से जुड़े अन्य तथ्य पुलिस के अनुसार हैं; मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->