उत्तरकाशी, 09 जून। उत्तरकाशी नेटबॉल एसोसिएशन द्वारा उत्तराखंड नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन के सहयोग से कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित प्रथम उत्तराखंड राज्य जूनियर फास्ट5 नेटबॉल चैंपियनशिप का सफल एवं भव्य समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए जूनियर खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खेले गए रोमांचक मुकाबलों में बालक वर्ग में उत्तरकाशी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हरिद्वार की टीम उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में ऊधम सिंह नगर की टीम विजेता बनी तथा देहरादून की टीम ने उपविजेता स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के लिए प्रेरित करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान और अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से होना आवश्यक है।
चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सिंह चौहान, सुरेन्द्र सिंह, विकास सेमवाल, कनिकपाल मटूडा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
