टिहरी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा जनपद

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों तक राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

मुख्य समारोह प्रताप इंटर कॉलेज (पीआईसी), टिहरी परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

टिहरी के इतिहास और विकास पर जिलाधिकारी ने रखी बात

अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टिहरी का इतिहास देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1949 में टिहरी रियासत का भारत में विलय हुआ और यहां की जनता ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, उत्तराखंड आंदोलन और विस्थापन के दौर में टिहरी की जनता के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज टिहरी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। टिहरी झील क्षेत्र के विकास के लिए एडीबी पोषित योजनाओं पर काम किया जा रहा है और जनपद के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपने पूर्वजों के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

प्रभारी मंत्री गणेश जोशी बोले- वीरों और शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है।

आपदा प्रबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आपदाओं को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता, लेकिन उनके प्रभाव को कम किया जा सकता है। प्रदेश सरकार त्वरित राहत और बचाव कार्यों के माध्यम से आपदा प्रभावितों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण और बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत हर चुनौती का मजबूती से जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से देश के इतिहास को जानने तथा विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी देखने की अपील की।

युवा शक्ति देश को नई दिशा देने में सक्षम: किशोर उपाध्याय

स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने टिहरी और टिहरीयत के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए श्रीदेव सुमन, मोलू भरदारी सहित स्वतंत्रता और विभिन्न आंदोलनों में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को याद किया।

टिहरी को स्वच्छ और विकसित पर्यटन नगरी बनाने पर जोर

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और टिहरी भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि टिहरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है।

उन्होंने कहा कि टिहरी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित पर्यटन नगरी के रूप में आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मजबूत जिला ही मजबूत प्रदेश की नींव रखता है और मजबूत प्रदेश से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने समारोह में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

इस दौरान श्रम विभाग की ओर से लाभार्थियों को किट वितरित की गई। कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को मुख्य अतिथि द्वारा चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने वैन का निरीक्षण भी किया।

पौधरोपण और विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी एवं अन्य अतिथियों ने पीआईसी परिसर में बुरांश का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली गई।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->