विश्वकर्मा दिवस पर टीएचडीसी में मशीनों और औजारों की पूजा-अर्चना
नई टिहरी, 17 सितंबर (नवोदय टाइम्स)। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टिहरी इकाई में विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर विभिन्न परियोजना स्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने परियोजना की प्रगति, निगम की उन्नति, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मिष्ठान वितरण भी किया गया।
गुरुवार को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के सीजीएम (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आरआर सेमवाल के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पावर हाउस, यांत्रिक इकाई कोटी, 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन भागीरथीपुरम, एचपीपी पावर हाउस, पीएसपी पावर हाउस तथा यांत्रिक विभाग कोटी हाइड्रो मैकेनिकल सहित विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर तकनीकी यंत्रों, औजारों, मशीनों, विद्युत उपकरणों, कंप्यूटर तथा अन्य कार्योपयोगी उपकरणों की भी पूजा की गई।
सीजीएम आरआर सेमवाल ने कहा कि विश्वकर्मा दिवस श्रम, निर्माण, तकनीकी कौशल, सृजन एवं नवाचार के प्रति सम्मान का प्रतीक है। भगवान विश्वकर्मा को सृजन और निर्माण का देवता माना जाता है। उनके आदर्श कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता, समर्पण और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के निरंतर विकास के साथ औद्योगिक एवं ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी क्षमता की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। ऐसे में तकनीकी दक्षता, सुरक्षित कार्यप्रणाली और नवाचार को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
कार्यक्रम में जीएम विजय सहगल, एसके साहू, एजीएम भगत सिंह, एपी बाजपेई, बीडी सेमवाल, संजय पंवार, विपिन सकलानी, डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, एलएस बिष्ट, वरिष्ठ प्रबंधक टीएस नेगी, प्रबंधक (जनसंपर्क) मनबीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो-17एनटीएच12: नई टिहरी के भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी इकाई में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना करते अधिकारी एवं कर्मचारी।
