प्रकृति संरक्षण दिवस पर बैनोली में 200 पौधों का वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कर्णप्रयाग। प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर ग्राम बैनोली में मैती संस्था की पहल पर महिला मंगल दल, युवाओं, जनप्रतिनिधियों तथा वन विभाग के संयुक्त सहयोग से वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 200 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। भारी बारिश के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा और सभी ने बढ़-चढ़कर पौधरोपण में भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का संचालन मैती संस्था के समन्वयक राहुल चौहान ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों का स्वागत करते हुए हरेला महोत्सव और प्रकृति संरक्षण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मैती संस्था के संस्थापक एवं पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने प्रकृति संरक्षण विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि आज हम पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर कोहली, रमेश भट्ट, ग्राम प्रधान बैनोली भगत पाल, महिला मंगल दल की अध्यक्ष एवं सदस्य, मैती संस्था के लक्ष्मण रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामुदायिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया।

!-- Google tag (gtag.js) -->