देहरादून,
जिला पंचायत देहरादून की सामान्य बैठक आज जिला पंचायत अध्यक्ष सविंदर कौर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिला स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक के दौरान मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग (विकासनगर एवं डोईवाला को छोड़कर) तथा वन विभाग (देहरादून वन प्रभाग को छोड़कर) के सक्षम जिला स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्यों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मा० उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने प्रस्ताव रखा कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में मृत पशुओं के निस्तारण की जिम्मेदारी जिला पंचायत के स्थान पर ग्राम पंचायतों को सौंपी जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में बैठक की कार्यवाही की प्रति अधिकारियों को बैठक के एक माह के भीतर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आगामी बैठकों में सदस्यों के प्रश्नों का समयबद्ध उत्तर सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹59,89,35,733 (उनसठ करोड़ नवासी लाख पैंतीस हजार सात सौ तैंतीस रुपये) का बजट सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में चकराता विधायक प्रीतम सिंह, रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ) तथा डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संजय किशोर, श्याम सिंह चौहान, प्रवीण रावत, बीर सिंह, खुशबू गुर्जर, दिव्या बेलवाल, सुरेंद्र सिंह चौहान, रेशम मियां सहित कुल 27 जिला पंचायत सदस्य बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष सविंदर कौर ने सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए जनहित में पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने पर बल दिया।
