पिथौरागढ़ पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, 3.9 किलो चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार
पिथौरागढ़, 25 मार्च।
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 किलो 900 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसओजी टीम ऐचोली से आठगांव सिलिंग रोड पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां से गुजरते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का संकेत देने पर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से कुल 3 किलो 900 ग्राम चरस बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम सिंह दानू (18 वर्ष), निवासी कालिका खुमती तथा नरेश सिंह (19 वर्ष), निवासी खुमती, धारचूला के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसओजी टीम के उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक सिंह खनका, कांस्टेबल सोनू कार्की, कांस्टेबल वीरेन्द्र यादव और कांस्टेबल गोविन्द रौतेला सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और इसके खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
