केदारनाथ यात्रा 2026: तैयारियां तेज, बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी

रुद्रप्रयाग, 28 मार्च 2026। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की आगामी यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। 22 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मार्ग को पूरी तरह सुगम और सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बर्फ हटाने के लिए कुल 60 मजदूरों की टीम तैनात की गई है, जिन्हें दो हिस्सों में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर कार्य में लगाया गया है। एक 30 सदस्यीय टीम केदारनाथ धाम से नीचे की ओर मार्ग साफ कर रही है, जबकि दूसरी टीम छोटी लिंचोली से ऊपर की ओर बढ़ते हुए लगभग 6 प्रमुख ग्लेशियर पॉइंट्स पर जमी बर्फ को हटाने में जुटी हुई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि मार्ग के कई हिस्सों में भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है। विशेष रूप से भैरव और कुबेर ग्लेशियर क्षेत्र में 15 से 18 फीट तक बर्फ पाई गई है, जिससे कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद मजदूर कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग को पूरी तरह तैयार करना है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती कर कार्य में और तेजी लाई जाएगी।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का भरोसा दिलाया है।

📌 (जिला सूचना विभाग, रुद्रप्रयाग)

!-- Google tag (gtag.js) -->