ग्राम पंचायत बगोड़ी में शराब बंदी का ऐतिहासिक निर्णय।

उत्तरकाशी 23 चंद्रप्रकाश बहुगुणा
ग्राम पंचायत बगोड़ी में आज ग्राम प्रधान देवराज बिष्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक जनभागीदारी वाली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सामाजिक सुधार एवं ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर तहसील प्रशासन से राजस्व उप निरीक्षक, विकास खण्ड कार्यालय से ग्राम विकास अधिकारी, पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती संगीता देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक का मुख्य आकर्षण ग्राम पंचायत बगोड़ी को शराब मुक्त गांव बनाने का ऐतिहासिक एवं सर्वसम्मत निर्णय रहा। ग्रामवासियों, महिला मंगल दल एवं युवा मंगल दल ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाते हुए इस प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन किया।

ग्राम प्रधान देवराज बिष्ट ने अपने उद्बोधन में कहा कि *नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि समाज की नैतिक एवं सामाजिक संरचना को भी कमजोर करता है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इससे दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय ग्रामवासियों की सर्वसम्मति एवं जनभावनाओं के अनुरूप लिया गया है।

बैठक में सामाजिक अनुशासन एवं ग्राम व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी प्रस्ताव में शामिल किया गया। इसके अंतर्गत यह निर्णय लिया गया कि गांव में बाहरी रेडी-फेरी वाले व्यक्तियों का बिना ग्राम प्रधान की अनुमति के प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

ग्रामवासियों ने इस जनहितकारी एवं दूरदर्शी पहल के लिए ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए गांव को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने के इस अभियान में पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।

!-- Google tag (gtag.js) -->