पुरोला में UPSC टॉपर आशुतोष नौटियाल का भव्य स्वागत, 398वीं रैंक से बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

पुरोला। संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 398वीं रैंक हासिल कर रवांई क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गुलाड़ी बनाल गांव निवासी आशुतोष नौटियाल का नगर पालिका पुरोला क्षेत्र में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

जैसे ही आशुतोष नौटियाल पुरोला पहुंचे, नगरवासियों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं ने आशुतोष की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आशुतोष के पिता लक्ष्मण प्रसाद नौटियाल ने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि आशुतोष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका बेटा भविष्य में देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

स्थानीय निवासी अष्टम सिंह असवाल ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आशुतोष की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह दर्शाती है कि लगन व परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

स्वयं आशुतोष नौटियाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद को देते हुए कहा कि वे एक जिम्मेदार अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।

इस अवसर पर प्रशांत उनियाल, भूपेंद्र चौहान, पवन नौटियाल, कवीन्द्र असवाल, जयेन्द्र असवाल, जयदेव चमियाल, पूर्ण चंद्र असवाल, धनबीर चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->