शांतिकुंज में ‘अर्थ ऑवर’ के तहत एक घंटे बंद रही बिजली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरिद्वार, 28 मार्च | चंद्र प्रकाश बहुगुणा

वैश्विक पर्यावरण जागरूकता अभियान अर्थ ऑवर के तहत शनिवार को शांतिकुंज में शाम 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए बिजली बंद रखी गई। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी विद्युत उपकरण बंद कर दिए गए, जिससे ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अभियान के अंतर्गत शांतिकुंज के साथ-साथ देव संस्कृति विश्वविद्यालय और ब्रह्मवर्चस शोध संस्थान में भी इसी प्रकार बिजली का सीमित उपयोग किया गया। यह वैश्विक अभियान वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड (WWF) द्वारा संचालित किया जाता है, जिसका उद्देश्य ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

गौरतलब है कि अर्थ ऑवर की शुरुआत वर्ष 2007 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर से हुई थी, जिसमें पहली बार लगभग 22 लाख लोगों ने भाग लिया था। आज यह अभियान 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है और विश्वभर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल बन चुका है।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय में पिछले कुछ दिनों से ऊर्जा बचत के उद्देश्य से नियमित रूप से एक घंटे तक अनावश्यक बिजली उपयोग को सीमित किया जा रहा है।

शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत अखिल विश्व गायत्री परिवार के देश-विदेश में स्थित विभिन्न प्रज्ञा संस्थानों में भी एक साथ आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी विद्युत उपकरण बंद रखे गए, जिससे सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।

!-- Google tag (gtag.js) -->