नई टिहरी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु जनपद स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इस कार्य में पूरी पारदर्शिता और सावधानी बरती जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह सहित सभी संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
