हरबर्टपुर में विराट हिंदू सम्मेलन, संघ के शताब्दी वर्ष पर एकजुटता का आह्वान

विकासनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को संघ विकासनगर के तत्वावधान में हरबर्टपुर बस अड्डा परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन की शुरुआत देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलिराम पटेल (अखिल भारतीय सह सामाजिक सद्भाव प्रमुख), प्रीति शुक्ला (प्रांत सह प्रमुख मातृ शक्ति, विश्व हिंदू परिषद) तथा श्रद्धेय स्वामी योगेश्वरानंद (वैदिक साधन आश्रम, तपोवन ऋषिकेश) ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

मुख्य अतिथि बलिराम पटेल ने कहा कि सकल सनातनी समाज को संगठित करने और प्रत्येक भारतवासी में देशप्रेम का भाव जागृत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विगत सौ वर्षों से विपरीत परिस्थितियों में भी निरंतर कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और एकजुटता से ही भारत पुनः विश्व गुरु बन सकता है।

प्रीति शुक्ला ने अपने संबोधन में परिवार के सदस्यों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने, स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया।

सम्मेलन के दौरान सनातनी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले 15 व्यक्तियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राहुल शर्मा ने वक्ताओं का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि संयोजक संतोष रावत ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर देवराज, रविंद्र चौहान, सौरभ, संदीप महावर, कुलदीप कुमार, मुन्ना सिंह चौहान, नीरु देवी, संजू राणा, रामपाल, विनोद कश्यप, गिरिराज शर्मा, कुलदीप सैनी, मुदित बंसल, शशांक शर्मा, सुनीता, ममता, सुषमा गुप्ता, प्रमोद रोहिला, बलवंत सिंह सहित हरबर्टपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->