नई टिहरी। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत के चंबा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित पार्टी है, जिसमें किसी भी कार्यकर्ता को कभी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों तथा पार्टी की रीति-नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की तीसरी बार सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
शुक्रवार को चंबा पहुंची प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत का जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एक निजी होटल में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की।
जिलाध्यक्ष उदय रावत ने बताया कि संगठन के सभी मोर्चों का गठन और विस्तार पूरा कर लिया गया है। शनिवार को जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसके बाद मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं होंगी। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से टिहरी झील का लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से विकास किया जा रहा है। रिंग रोड का कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव से लेकर शहरों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कर रही है, साथ ही युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि दिसंबर से 45 दिनों तक “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान चलाया गया, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, जिला महामंत्री बलवंत रावत, जयेंद्र सेमवाल, चंबा की पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीष राणा, महिला मोर्चा जिला महामंत्री लीला मखलोगा, अनीता कोठारी, मंडल अध्यक्ष अनीता भट्ट, डॉ. प्रमोद उनियाल, डॉ. भान सिंह नेगी, अतर सिंह तोमर, सतवीर पुंडीर, आरती सेनवान, सुमित रावत, वीरेंद्र सेमवाल, सोहनवीर सजवाण, रमेश रतूड़ी, विक्रम राणा, कृष्ण स्वरूप डबराल, अरविंद मखलोगा, कीर्ति सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
