वित्तीय वर्ष समाप्ति पर उत्तरकाशी में बैंक व कोषागार देर तक रहेंगे खुले, डीएम के निर्देश जारी

उत्तरकाशी ,

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए उत्तरकाशी जिले में सरकारी वित्तीय लेन-देन को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करते हुए सभी बैंक, कोषागार और उप-कोषागारों को 31 मार्च को देर तक खुले रखने के आदेश दिए हैं।

डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन से प्राप्त बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग अंतिम दिन तक अपने वित्तीय कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने वित्तीय हस्तपुस्तिका के प्रावधानों के तहत वरिष्ठ कोषाधिकारी, उप-कोषाधिकारी और बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि वे राजकीय लेन-देन के कार्य पूरे होने तक कार्यालय खुले रखें।

यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी, जब तक जिलाधिकारी या वरिष्ठ कोषाधिकारी की ओर से सभी सरकारी लेन-देन पूर्ण होने की पुष्टि नहीं मिल जाती।

साथ ही, सुचारू संचालन के लिए जिले के लीड बैंक मैनेजर और भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। तकनीकी बाधाओं से बचने के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को कोषागारों और उप-कोषागारों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य व्यवस्थाएं निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की देरी न हो।

!-- Google tag (gtag.js) -->