देहरादून में हाल ही में हुए गोलीकांड में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के निधन पर प्रदेश में शोक की लहर है। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने ब्रिगेडियर जोशी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दुखद घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि एक अनुशासित और सम्मानित पूर्व सैन्य अधिकारी का इस तरह असामयिक निधन पूरे समाज के लिए क्षति है। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञात हो कि देहरादून में युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से सैर पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
