विकासनगर। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में संचालित ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ यात्रा शुक्रवार को जीवनगढ़ पहुंची, जहां स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने यात्रा का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया।
यह यात्रा क्षेत्र में तेजी से फैल रहे स्मैक और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा नशे के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को मजबूती देना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़कर इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान क्षेत्र के युवाओं और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। यात्रा के माध्यम से घर-घर जाकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, जिला महामंत्री राजीव शर्मा, नीरज रोहिल्ला, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शशि चौहान, कुसुम कौशल, पूर्व प्रधान पंकज सोनू, हुसैन दिन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजमेर राठौर, जाहिद, फरमान, एडवोकेट समीर अंसारी, जमाल खान, अफजल बेग, सुमन देवानंद पासी, दिनेश शर्मा, लवेश वर्मा, उस्मान, इसरार, सत्येंद्र शर्मा, संदीप भटनागर, क्षितिज वर्मा, सुबोध वर्मा, विनय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नवप्रभात की इस यात्रा को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और यह अभियान विकासनगर के विभिन्न गांवों व इलाकों में निरंतर जारी रहेगा।
