पुरानी पेंशन बहाली को लेकर देहरादून में 12 अप्रैल को विशाल बाइक महारैली, कर्मचारियों से जुटने का आह्वान

उत्तरकाशी,  चंद्रप्रकाश बहुगुणा

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, उत्तरकाशी के जिला संरक्षक डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने जानकारी दी है कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 12 अप्रैल 2026 को प्रदेश की राजधानी देहरादून में प्रांतीय स्तर की विशाल बाइक महारैली आयोजित की जाएगी। इस महारैली के माध्यम से कर्मचारी अपनी मांगों को मजबूती से सरकार के सामने रखेंगे।

मोर्चा पिछले आठ वर्षों से लगातार पुरानी पेंशन बहाली के लिए धरना-प्रदर्शन, रैली, मुख्यमंत्री आवास घेराव और गैरसैंण विधानसभा घेराव जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि पुरानी पेंशन बहाली राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है और इसमें केंद्र सरकार की कोई बाध्यता नहीं है। मोर्चा का तर्क है कि राज्य सरकार अपने संसाधनों एवं कर्मचारियों के वेतन से कटौती किए गए फंड के आधार पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने में सक्षम है।

डॉ. भट्ट ने बताया कि वर्तमान में पश्चिम बंगाल, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्य अपने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दे रहे हैं, जिससे अन्य राज्यों के कर्मचारियों में भी उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में भी विभिन्न विभागों के कर्मचारी पिछले 10 से 12 वर्षों से एकजुट होकर इस मांग को लेकर लगातार संघर्षरत हैं।

आगामी 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस बाइक महारैली के तहत कर्मचारी देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और अपनी मांग को जोरदार तरीके से उठाएंगे।

मोर्चा के महासचिव सीताराम पोखरियाल के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वे इस विषय पर प्रधानमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने जनपद के सभी विभागों के कर्मचारी, अधिकारी एवं कार्मिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर इस महारैली में भाग लें और पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

!-- Google tag (gtag.js) -->