नई टिहरी। भाजपा की जिला स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों से लेकर अप्रैल माह से प्रस्तावित विशेष गहन पुनर्निरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई।
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश मंत्री एवं मुख्य वक्ता नेहा जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिलाध्यक्ष उदय रावत ने जिले में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इन दिनों विभिन्न मंडलों में प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें कई स्थानों पर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न भी हो चुके हैं।
मुख्य वक्ता नेहा जोशी ने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित पार्टी है, जो समय-समय पर प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय और जागरूक बनाए रखती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने विशेष गहन पुनर्निरीक्षण अभियान, मंडल स्तरीय कार्यशालाओं और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी योजनाओं के लिए दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय रूप से कार्य शुरू करने पर जोर देते हुए तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कार्यशाला में प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, प्रदेश आईटी संयोजक प्रवीन लेखवार, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
