देहरादून। राजधानी देहरादून के मांडूवाला क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने जंगल में एक कट्टे में बंद युवती का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मांडूवाला के पास जंगल क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोग लकड़ी और चारा लेने गए थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों के बीच एक संदिग्ध कट्टा दिखाई दिया। जब पास जाकर देखा गया तो उसमें एक युवती का शव मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि मृतका की पहचान की जा सके।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
