उत्तरकाशी | चंद्रप्रकाश बहुगुणा
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को पी.एम. श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धौंतरी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक विज्ञान पत्रिका ‘विज्ञान मंडल’ का विधिवत विमोचन किया गया। पत्रिका छात्र-छात्राओं के वैज्ञानिक शोध, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट संकलन है।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शांति प्रसाद नौटियाल ने महान भारतीय वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता सर सी.वी. रमन को नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी में जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में अपार नैसर्गिक प्रतिभा होती है, जिसे ‘विज्ञान मंडल’ जैसी पत्रिकाएं सशक्त मंच प्रदान कर वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक बनती हैं।
पत्रिका के संपादक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल ने अपने संपादन अनुभव साझा करते हुए वर्ष 2026 की थीम “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस अंक में बाल वैज्ञानिकों ने दैनिक जीवन में विज्ञान, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और आधुनिक तकनीक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने मौलिक विचार और शोध प्रस्तुत किए हैं। साथ ही ‘विकसित भारत’ में महिलाओं के वैज्ञानिक योगदान पर विशेष फोकस रखा गया है।
इस अवसर पर भौतिक विज्ञान के शिक्षक अनिल सेमल्ट, डॉ. अचला चन्दोक, राजेश पनियाल, कुलदीप विष्ट, अरुण नौटियाल, शिवम बहुखंडी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विज्ञान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने पत्रिका को विद्यालय की एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
