टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड टिहरी में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ

नई टिहरी। THDC India Limited भागीरथीपुरम, टिहरी में 4 मार्च से 10 मार्च 2026 तक 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ किया गया। इस वर्ष सुरक्षा सप्ताह की थीम “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य महाप्रबंधक (टी.सी.) एम.के. सिंह द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा सप्ताह की शपथ दिलाई तथा सुरक्षा बैज वितरित किए।

अपने संबोधन में एम.के. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह हमें कार्यस्थल के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी सुरक्षा के महत्व को समझने और उसे अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संस्थान की प्रगति तभी संभव है जब वहां कार्यरत हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

उन्होंने कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि कार्य के दौरान सभी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना चाहिए और अपने सहकर्मियों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़े हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए पूरे वर्ष सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध लेखन, नारा लेखन प्रतियोगिता और सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा, आपदा से बचाव तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े विशेष प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) बी.डी. सेमवाल, अपर महाप्रबंधक (ओ.एंड एम.) भगत सिंह, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) आनंद बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (नियोजन) विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक (पी.एस.डी. यातायात) संजय पंवार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) मोहन सिंह श्रीस्वाल, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) हरीश भट्ट, उप महाप्रबंधक (पी.एस.डी.) अशोक कुमार, प्रबंधक (जनसम्पर्क) मनबीर सिंह नेगी, उप प्रबंधक (सुरक्षा) पुरुषोत्तम सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->